रविवार, 27 जनवरी 2008

दर्द-ए-डिस्को

अपुन इस बार हैपी न्यू ईयर सेलिब्रेट करने के वास्ते अपने गांव गयेला था। गांव बोले तो आमची मुंबई की पुरानी बस्ती में। वइसे एक और सीक्रेट प्लान था अपुन का, जो सर्किट कू भी नहीं मालूम था। सोचेला था कि अगर इस बार चिंकी यस बोल देगी तो न्यू ईयर में अपुन की शादी का बैंड भी बजा डालेंगा। पन अब तो अक्खा वर्ल्ड में ये बात फेमस हो गयेली है कि मुन्ना भाई का बैड लक इच खराब है। बोले तो यस बोलने की बात तो छोड़ो, अपुन ने सोचेला था कि सीधी सादी चिंकी चुपचाप मुंडी भी हिला देगी तो अपुन उसकू यस समझेगा। पन अपुन दिल्ली क्या आया, चिंकी की जबान तो मेटरो से भी तेज स्पीड में दौड़ने लगी। अपुन ने उसकू फोन करके बोला - ओ दिलरूबा, वो बोली - बातें बाद में, पहले मोबाइल में बैलेंस भिजवा। अपुन बोला - पइसे नहीं, वो बोली - कइसे नहीं। अपुन गुस्से में बोला - अरे महंगाई है। वो बोली - जा वापस दिल्ली, अक्खा इंडिया के साथ-साथ आज से तू अपुन का भी भाई है! इससे पहले कि चिंकी डायलॉग मारके राखी बांधने के वास्ते आती, अपुन पतली गली से कल्टी हो गया। वइसे भी सर्किट कब से राग दे रयेला था कि दिल्ली चलो। बोले तो न्यू ईयर में इस बार मुंबई के कुछ टपोरी लोग ने होटल के बाहर दो लड़की लोग के साथ बदतमीजी करके अक्खा मुंबई का नाक काट डाला था। अपुन का दिल में वइसे भी चिंकी की वजह से भोत हेडेक हो रयेला था। बस अपुन का मूड फ्यूज बलब के माफिक ऑफ हो गया और टिकट कटाके अपुन दोनों दिल्ली भाग के आ गया। दिल के दर्द-ए-डिस्को के बारे में अपुन ने सर्किट कू कुछ भी नहीं बताया था। पन मालूम नहीं उसकू किदर से हिंट मिल गया। वो अपुन का कद्दू के माफिक लटकेला थोबड़ा देखके फोकट में सेंटी होने लगा। मूड ठीक करने के वास्ते वो अपुन दोनों की दोस्ती के डायलॉग मारने लगा। बोला- मुन्ना भाई टेंशन नहीं लेने का। छोकरी का सपना छोड़ो। अपुन दोनों की दोस्ती तो पक्की है न। रेमंड जइसी नहीं- सिंस 1925, पेप्सी जइसी भी नहीं- ये दिल मांगे मोर। अपुन दोनों की दोस्ती तो एलआईसी जइसी है- जिंदगी के साथ भी, जिंदगी के बाद भी। सर्किट लाइफ में फर्स्ट टाइम सही बोला। छोकरी के चक्कर में पड़ने का इच नहीं, आई भाप्पथ। आगे से नो छोकरी। पन तभीच अपुन का मोबाइल बजा। उसमें एसएमएस आयेला था चिंकी का- लिख रयेली थी कि - इत्ती छोटी नहीं दोस्ती अपनी, कइसे सोच लिया कि किनारे आ गए। हो गयेली है अपुन के मोबाइल में रोशनी, और एसएमएस हमारे आ गए। अपुन ने सर्किट कू मेसेज दिखाया और फौरन चिंकी कू फोन घुमाया। सर्किट कू अपुन ने बोला - अब तुम इदर से खिसको, खल्लास हो गयेला है अपुन का दर्द-ए-डिस्को।